छिंदवाड़ा कफ सिरप कांड में ED का बड़ा एक्शन, श्रीसन फार्मा के 7 ठिकानों पर छापेमारी से हड़कंप

छिंदवाड़ा/ तमिलनाडु। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में हुए कफ सिरप कांड ने पूरे देश को हिला दिया है। इसी मामले में अब ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई की है। जहरीला कफ सिरप ‘कोल्ड्रिफ’ बनाने वाली कंपनी श्रीसन फार्मा के मालिक रंगनाथन के देशभर में सात ठिकानों पर ईडी ने एक साथ छापे मारे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह ईडी की टीम ने श्रीसन फार्मा से जुड़े दफ्तरों और अधिकारियों के घरों में रेड की। छापेमारी तमिलनाडु ड्रग कंट्रोल ऑफिस के वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों और कार्यालयों पर भी की गई। इसी के साथ एक बड़ा कदम उठाते हुए श्रीसन फार्मा प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है और कंपनी को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि जहरीले कफ सिरप ‘कोल्ड्रिफ’ का मालिक रंगनाथन फिलहाल एमपी पुलिस की हिरासत में है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर मध्य प्रदेश लाया गया था, और अब एसआईटी की टीम उसे आगे की पूछताछ के लिए तमिलनाडु लेकर जा रही है। दोपहर तक टीम के तमिलनाडु पहुंचने की संभावना है।

बच्चों की मौत से जुड़ा यह मामला अब मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल तक पहुंच चुका है। ईडी ने इस केस में ईसीआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आया है कि चेन्नई की श्रीसन फार्मा कंपनी द्वारा बनाई गई कोल्ड्रिफ कफ सिरप में खतरनाक स्तर तक जहरीले केमिकल्स की मिलावट की गई थी। इसी जहरीली दवा के सेवन से मध्य प्रदेश में अब तक 25 मासूम बच्चों की जान जा चुकी है।

9 अक्टूबर को एमपी पुलिस की एसआईटी टीम ने श्रीसन फार्मा के मालिक रंगनाथन को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया था। अब ईडी की इस बड़ी कार्रवाई के बाद उम्मीद की जा रही है कि इस जानलेवा सिरप कांड से जुड़े और कई राज़ जल्द सामने आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *