बड़वानी जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप

बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी में जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया, सतना और मैहर के बाद अब बड़वानी कोर्ट को ईमेल के जरिए धमकी दी गई, जिसके बाद प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गया।

धमकी मिलते ही एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, कोर्ट के पास मौजूद दुकानों और वकीलों के चैंबर भी बंद करा दिए गए, साथ ही पूरे क्षेत्र में आवागमन पर रोक लगा दी गई।

मौके पर एसपी पद्मविलोचन शुक्ल, एडिशनल एसपी धीरज बब्बर, एडीएम सोहन कनास और थाना प्रभारी बलजीत बिसेन भारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी गई।

सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचा और पूरे न्यायालय परिसर की सघन तलाशी शुरू की गई, जहां हर कोने और हर कमरे की बारीकी से जांच की जा रही है।

फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हैं, ताकि किसी भी खतरे को समय रहते टाला जा सके और इस धमकी के पीछे के शख्स का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *