बजट में एमपी का खाता खाली बनाम बेहतरी का बजट, उमंग सिंघार और सबनानी आमने-सामने

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट में प्रदेश का खाता खाली है और मध्यप्रदेश के साथ भेदभाव किया गया है, वहीं बीजेपी ने पलटवार करते हुए इसे प्रदेश के लिए बेहतरी का बजट बताया। उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि केंद्रीय कर में कटौती की गई है और बीजेपी मध्यप्रदेश को मायका बताकर अब मायके वालों को भूल गई है, प्रदेश ने 29 सांसद दिए फिर भी मध्यप्रदेश और उसके सांसदों के साथ भेदभाव हुआ है। उन्होंने कहा कि बजट देने की बात आती है तो डबल इंजन सरकार सिंगल इंजन बन जाती है, एक व्यापारी के लिए सेमीकंडक्टर योजना लाई जा रही है जबकि आदिवासी और दलित परियोजनाओं में कटौती कर दी गई, जल जीवन मिशन में भी पैसा घटा दिया गया और न मोदी आ रहे हैं न पानी।

उमंग सिंघार ने कहा कि कुंभ और हिंदू धर्म को लेकर बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं लेकिन सिंहस्थ के लिए बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया, राज्य सरकार ने सिंहस्थ के लिए 20 हजार करोड़ मांगे थे लेकिन कुछ नहीं मिला। उन्होंने बीजेपी के जनसंपर्क अभियान पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी 365 दिन कैंपेन चलाए और हर वर्ग के पास जाकर झूठी बातें करे, कांग्रेस विधायक दल बजट सत्र के लिए पूरी तरह तैयार है और हर विभाग की कमजोरी सदन में उठाई जाएगी।

वहीं बीजेपी विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि कांग्रेस को आकलन ठीक से करना चाहिए क्योंकि मध्यप्रदेश में डबल इंजन की सरकार है और आवश्यक कार्य निश्चित रूप से होंगे। उन्होंने कहा कि एमपी को विकसित प्रदेश बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है, कांग्रेस एमपी को बीमारू राज्य छोड़कर गई थी लेकिन अब एमपी बीमारू राज्य नहीं रहा, प्रदेश के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान है और सिंहस्थ बाबा महाकाल की नगरी में भव्य तरीके से संपन्न होगा।

बीजेपी के बजट जनसंपर्क अभियान पर सबनानी ने कहा कि पार्टी ने प्रमुख वक्ता तय किए हैं जो हर जिले में जाकर प्रेस के माध्यम से बताएंगे कि यह बजट किस तरह एमपी के लिए बेहतरी का है और विकसित राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा। कांग्रेस की तैयारियों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 20-22 साल से कांग्रेस की कोई ठोस तैयारी नहीं होती, वे विधानसभा के अंदर चर्चा नहीं करते और बाहर मीडिया के सामने पूरी तरह नौटंकी करते नजर आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *