मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ नगर पालिका परिषद में उस समय हड़कंप मच गया जब ईओडब्ल्यू की टीम अचानक जांच के लिए पहुंची। टीम के पहुंचते ही कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अध्यक्ष, सीएमओ सहित कई कर्मचारी दफ्तर छोड़कर चले गए। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों ने अपनी-अपनी अलमारियों में ताले लगाए और मौके से निकल गए।
दरअसल सबलगढ़ नगर पालिका में वित्तीय अनियमितताओं को लेकर शिकायत की गई थी। पार्षद मोहन पचौरी ने इस मामले में ईओडब्ल्यू को लिखित शिकायत सौंपी थी, जिसके आधार पर टीम छापामार कार्रवाई के लिए पहुंची। लेकिन जैसे ही दबिश की सूचना मिली, नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय से गायब हो गए।
करीब चार से पांच घंटे तक ईओडब्ल्यू की टीम कर्मचारियों के लौटने का इंतजार करती रही, लेकिन कोई भी अधिकारी या कर्मचारी वापस नहीं आया। आखिरकार टीम को बिना किसी दस्तावेजी कार्रवाई के खाली हाथ लौटना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली और वित्तीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

