एपस्टीन फाइल्स की MP में दस्तक जबलपुर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीएम मोदी के लगे पोस्टर

जबलपुर। दुनियाभर में चर्चा में रही एपस्टीन फाइल्स की गूंज अब मध्य प्रदेश के जबलपुर तक पहुंच गई है, जहां शहर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरों वाले एआई जनरेटेड पोस्टर लगाए गए हैं और यूनिपोल पर एपस्टीन फाइल्स का जिक्र किया गया है।

जबलपुर के मढ़ाताल और पुराने बस स्टैंड इलाके में लगे इन आपत्तिजनक पोस्टरों को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया, पोस्टरों में एपस्टीन फाइल्स और अडानी डीओजे का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कंप्रोमाइज्ड बताया गया है।

एक पोस्टर में डोनाल्ड ट्रंप के हाथ में एपस्टीन फाइल्स और अडानी डीओजे दिखाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हाथ जोड़कर पेश किया गया है, जिससे राजनीतिक माहौल और ज्यादा गरमा गया है।

इन पोस्टरों को लेकर मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस पर नगर निगम के यूनिपोल पर पोस्टर लगाने के आरोप लगे हैं, वहीं एमपी यूथ कांग्रेस के एक्स हैंडल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी ये पोस्टर वायरल किए गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम के कार्यपालन यंत्री ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और जबलपुर के ओमती थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 197(1) के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस अब एमपी यूथ कांग्रेस के सोशल मीडिया पेज को मेंटेन करने वालों की तलाश में जुट गई है और पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *