भोपाल। मध्यप्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों पर एस्मा लागू कर दिया गया है, जिसके बाद उनकी छुट्टियों और किसी भी तरह के धरना प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के मुताबिक अब कोई भी शिक्षक या कर्मचारी परीक्षा ड्यूटी से इंकार नहीं कर सकेगा और ड्यूटी से मना करना या कार्य में बाधा डालना कानून का उल्लंघन माना जाएगा।
एस्मा के तहत अगले दो महीने तक छुट्टियों पर प्रतिबंध रहेगा और यह व्यवस्था एक फरवरी से 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी। दरअसल प्रदेश में सात फरवरी से 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं, जिनमें पूरे मध्यप्रदेश से करीब सत्रह लाख छात्र शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षाओं के सुचारु संचालन को देखते हुए सरकार और माशिमं ने यह सख्त फैसला लिया है, ताकि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की बाधा न आए।

