लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है और आज उत्तर प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। महिलाएं और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के सभी दावे झूठे साबित हो चुके हैं। जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाली सरकार का जीरो टॉलरेंस अब जीरो होकर रह गया है। मेरठ में मां पर कातिलाना हमला और बेटी को उठाकर ले जाने की घटना को उन्होंने बेहद गंभीर बताते हुए भाजपा सरकार को पूरी तरह नाकाम करार दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि महिला अपराध और साइबर क्राइम के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर पहुंच गया है और इसके लिए सीधे तौर पर भाजपा सरकार जिम्मेदार है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रोजाना पांच महिलाएं हिंसा का शिकार हो रही हैं और हर पंद्रह दिन में दुष्कर्म जैसी शर्मनाक घटना सामने आ रही है। यही हाल पूरे प्रदेश का है, जहां हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सरकार चाहे जितने झूठे विज्ञापन चला ले, लेकिन सच्चाई को छुपा नहीं सकती और महिला सुरक्षा के खोखले दावे करने वाली इस सरकार को प्रदेश की जनता 2027 में सत्ता से बाहर कर देगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की भ्रष्ट नीतियों और लूट की वजह से प्रदेश में अपराध लगातार फैल रहा है। जो अपराध पहले स्थानीय नजर आते थे, उनकी परतें खुलने पर वे राज्यव्यापी निकले, फिर राष्ट्रव्यापी और अब एशिया लेवल तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज खत्म नहीं हुआ है, बल्कि उसे प्रमोशन मिल गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा का महा-माफिया राज चल रहा है, जो बोतल-बंद होकर लोगों के घरों तक पहुंच रहा है और जानलेवा साबित हो रहा है। अरबों की काली कमाई में सत्ताधारी दल की भागीदारी है, यही वजह है कि भाजपा राज में जनता त्रस्त और खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

