विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नदी किनारे बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां और इंजेक्शन फेंके जाने से लोगों में चिंता बढ़ गई है। मामला बेतवा नदी के महल घाट के पास का बताया जा रहा है, जहां रोजाना सैकड़ों लोग स्नान और पूजा के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नदी के किनारे पड़ी इन दवाओं को देखकर स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
लोगों का कहना है कि एक्सपायर दवाइयां नदी के पानी में मिलकर उसे प्रदूषित कर सकती हैं और बीमारी फैलने का खतरा पैदा कर सकती हैं। अगर ये दवाइयां पानी में बह गईं तो पानी जहरीला हो सकता है, जिससे आसपास के इलाकों में स्वास्थ्य संकट खड़ा हो सकता है। इसके अलावा खुले में पड़े इंजेक्शन और शीशियां बच्चों या मवेशियों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती हैं, क्योंकि उनसे चोट लगने या संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये दवाइयां किसने और कहां से लाकर यहां फेंकीं। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल संज्ञान लेने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन को मामले की सूचना दे दी गई है, अब देखना होगा कि इस लापरवाही पर क्या कदम उठाए जाते हैं।

