लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी छापामार कार्रवाई करते हुए अलग-अलग इलाकों से 10 हजार 415 किलो मसाले और खोया जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है। इसी कार्रवाई के दौरान फैजुल्लागंज स्थित हल्दीराम के वेयरहाउस से 1 क्विंटल 12 किलो एक्सपायर्ड सोनपापड़ी और राजभोग बरामद किए गए हैं। कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा के तथाकथित ‘स्वच्छ प्रशासन’ में मिलावट का जहर खुलकर सामने आ रहा है और सवाल यह है कि क्या जनता की सेहत सिर्फ विज्ञापनों में ही सुरक्षित है। पार्टी ने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार के सुशासन की पोल तब खुल गई जब पॉश इलाकों से लेकर बड़े ब्रांड के स्टोरेज तक हजारों किलो मिलावटी और एक्सपायर्ड सामान मिला।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि जिस नाम पर लोग भरोसा कर त्योहारों और खास मौकों पर मिठाइयां खरीदते हैं, वहीं से एक्सपायर्ड उत्पादों का मिलना बेहद गंभीर मामला है। 10 हजार किलो से ज्यादा जब्त माल और लाखों रुपये की कीमत की सामग्री इस बात का संकेत है कि जमीनी स्तर पर कानून का डर कम होता जा रहा है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार केवल फोटो खिंचवाने और प्रचार में व्यस्त है, जबकि आम नागरिक की सेहत से जुड़ा मुद्दा गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है।

