जबलपुर। मोबाइल पर आसान लोन देने का लालच… और इसी लालच ने एक युवती की जिंदगी में डर, धोखा और ब्लैकमेलिंग का तूफान खड़ा कर दिया। एक साधारण-सा मैसेज आया—कम ब्याज पर तुरंत लोन। जैसे ही युवती ने उस संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक किया, ठगी का पूरा जाल उसके चारों ओर बुनना शुरू हो गया। वेबसाइट ने आधार, पैन कार्ड और बैंकिंग ऐप में सेल्फी अपलोड करने को कहा, और जैसे ही उसने सेल्फी दी—उसका फोन पूरी तरह हैक हो गया।
कुछ ही देर बाद एक अनजान नंबर से व्हाट्सऐप पर मैसेज आया, और वहीं से शुरू हुआ असली खेल। साइबर ठगों ने युवती की असली सेल्फी को AI की मदद से अश्लील तस्वीर में बदल दिया और धमकी दी कि पैसे न दिए तो तस्वीर वायरल कर देंगे। जब युवती ने पैसे देने से साफ इनकार किया, तो ठग और भी ज्यादा खतरनाक हो गए—उन्होंने वह मॉर्फ की हुई तस्वीर युवती के दोस्तों, रिश्तेदारों और परिजनों तक भेज दी, जिससे युवती सदमे में आ गई।
लेकिन डर के आगे झुकने के बजाय युवती ने हिम्मत दिखाई और सीधे कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया है—धारा 419, 420, 467, 468, 471 और IT एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी गई है।
साइबर पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है—लोन, इनाम या ऑफर के नाम पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक पर कभी क्लिक न करें… और न ही किसी ऐप या वेबसाइट पर अपनी सेल्फी या दस्तावेज अपलोड करें। यह साइबर ठगों का नया तरीका है—AI से फोटो को मॉर्फ कर ब्लैकमेल करना।
सावधान रहें, सतर्क रहें… और किसी भी संदिग्ध मैसेज पर तुरंत रिपोर्ट करें।

