MP में नकली पान मसाला फैक्ट्री का पर्दाफाश, ब्रांडेड नाम पर चल रहा था बड़ा खेल

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में नकली पान मसाला बनाने वाले एक कारखाने का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में पान मसाला बनाने का कच्चा माल और कई इलेक्ट्रॉनिक मशीनें जब्त की गई हैं। इस मामले में मुंबई के रहने वाले एक कारोबारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी घर के भीतर ही ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली पान मसाला तैयार कर बाजार में सप्लाई कर रहे थे।

एसीपी कुंदन मंडलोई ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कनाड़िया थाना क्षेत्र के सहारा सिटी से बिचोली मर्दाना इलाके में स्थित एक मकान में अवैध गतिविधियां चल रही हैं, जहां विमल पान मसाला के नाम से नकली माल तैयार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीआई यादव की टीम ने मकान पर दबिश दी, जहां नकली पान मसाला बनाने का पूरा सेटअप मिला और बड़ी मात्रा में माल तैयार किया जा रहा था।

पुलिस ने कापीराइट एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मौके से पाउच पैकिंग मशीन, पाउच सीलिंग मशीन, सुपारी ओवन ड्रायर, सुपारी कटर मशीन, विमल रोल, मैग्नीशियम कार्बोनेट, कत्था, चूना, तंबाकू सामग्री और थैलियों में रखा नकली पान मसाला जब्त किया है। इसके साथ ही पुलिस ने अक्षत निवासी स्नेह नगर, जावेद निवासी सनावद और अरुण निवासी पालघर मुंबई को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *