फैंस नहीं कर पाए धर्मेंद्र का आख़िरी दर्शन — रोते-बिलखते जता रहे निराशा

24 नवंबर को महान अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री और देशभर के फैंस को झकझोर दिया। लेकिन सबसे बड़ी पीड़ा यह रही कि उनके चाहने वाले उन्हें आख़िरी बार देख भी नहीं पाए। परिवार ने उन्हें सीधे आवास से अंतिम संस्कार के लिए ले जाने का फैसला लिया, और इसी वजह से फैंस का आखिरी दर्शन का सपना टूट गया। इस फैसले से लोग बेहद निराश और भावुक नज़र आए।

जैसे ही एंबुलेंस धर्मेंद्र के घर के बाहर देखी गई, लोग समझ गए कि कुछ बड़ा घट गया है। इसके बाद एक-एक करके बड़े-बड़े सितारे पवन हंस श्मशान घाट पहुंचने लगे, लेकिन परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं फैंस इस बात से बेहद नाराज हैं कि उन्हें अपने प्रिय अभिनेता को आख़िरी बार देखने तक का मौका नहीं दिया गया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल है जिसमें लोग रोते-बिलखते नज़र आ रहे हैं।

वीडियो में एक महिला रोते हुए श्मशान के अंदर जाने की गुहार लगाते दिखाई देती है। वह नोटों का एक गुच्छा निकालकर कहती है कि वह उन्हें चिता पर चढ़ाना चाहती है, लेकिन पुलिस ने उसे अंदर जाने नहीं दिया। उसके बगल में दूसरी महिला भी जोर-जोर से रोती दिखाई देती है। फैंस कह रहे हैं — “इतनी बड़ी शख्सियत को इतनी साधारण विदाई… ये कैसे हो सकता है?”

इसी बीच धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म इक्कीस की रिलीज़ डेट भी सामने आई है। यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को रिलीज़ होगी। साल 1960 में ‘दिल भी मेरा हम भी तेरे’ से डेब्यू करने वाले धर्मेंद्र ने 300 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया और अपने चाहने वालों के दिलों में आजीवन जगह बनाई। आज वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी यादें और उनका सिनेमा हमेशा जिंदा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *