सतना। Satna जिले के Rampur Baghelan क्षेत्र में प्रस्तावित Dalmia Cement परियोजना को लेकर किसानों का विरोध तेज होता जा रहा है। मंगलवार को सैकड़ों किसान किसान यूनियन के बैनर तले ट्रैक्टर रैली निकालते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया।
दरअसल रामपुर बघेलान तहसील की करीब 3600 एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि को डालमिया सीमेंट कंपनी को करीब 40 साल की लीज पर देने की प्रक्रिया चल रही है। इसी फैसले के विरोध में क्षेत्र के किसान लामबंद हो गए हैं। किसानों का कहना है कि उनकी पुश्तैनी और उपजाऊ जमीन को उद्योग के लिए लीज पर देना उनके भविष्य के साथ बड़ा अन्याय है।
मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर, चार पहिया वाहनों और बाइक के साथ रैली के रूप में शहर पहुंचे। किसानों ने नारेबाजी करते हुए जमीन लीज पर देने के फैसले का विरोध किया और प्रशासन से इसे तुरंत वापस लेने की मांग की।
रैली कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची जहां किसानों ने प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इस प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय किसान यूनियन के नेता Shailendra Singh Chauhan ने किया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार जमीन उद्योग को देना चाहती है तो लीज की बजाय जमीन का पूर्ण अधिग्रहण किया जाए और किसानों को बाजार मूल्य से चार गुना मुआवजा दिया जाए।
इसके साथ ही किसानों ने मांग की है कि जिन परिवारों की जमीन जाएगी, उनके हर परिवार से कम से कम एक सदस्य को स्थायी नौकरी दी जाए। किसान नेताओं ने साफ चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसानों का कहना है कि अपनी जमीन बचाने के लिए वे हर स्तर तक संघर्ष करने को तैयार हैं।

