धार। मध्यप्रदेश के धार जिले में एक किसान ने निजी बैंक की कार्यप्रणाली से परेशान होकर ऐसा अनोखा विरोध किया कि हर कोई हैरान रह गया। किसान सीधे बैंक में ढोल लेकर पहुंचा और ढोल की थाप पर डांस करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। बैंक के अंदर अचानक ढोल बजने और किसान को नाचते देख कर्मचारी और अधिकारी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।
दरअसल ग्राम आहू के पास चंदडवाड़ा के रहने वाले किसान विजय पाटीदार ने किसान क्रेडिट कार्ड के तहत आईडीएफसी बैंक से करीब 13 लाख रुपये का लोन लिया था। किसान का कहना है कि उसने पूरा कर्ज जमा कर दिया था और उसे भुगतान किए हुए करीब डेढ़ महीना हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद बैंक की ओर से उसे एनओसी यानी नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट नहीं दिया गया।
किसान लगातार पिछले डेढ़ महीने से बैंक के चक्कर लगा रहा था, लेकिन हर बार उसे किसी न किसी बहाने से टाल दिया जाता था। इस वजह से वह काफी परेशान हो गया और उसने अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए अनोखा तरीका अपनाने का फैसला किया।
इसी के तहत किसान ढोल लेकर सीधे बैंक पहुंच गया और बैंक के अंदर ही ढोल बजाते हुए डांस करना शुरू कर दिया। उसका कहना था कि शायद इस तरह विरोध करने से बैंक अधिकारियों के कान खुलेंगे और उसकी समस्या पर ध्यान दिया जाएगा। काफी देर तक चले इस अनोखे प्रदर्शन के बाद बैंक मैनेजर ने किसान को समझाया और आश्वासन दिया कि उसे शाम तक एनओसी दे दी जाएगी।
इसके बाद किसान शांत हुआ, लेकिन बैंक के अंदर इस तरह का विरोध प्रदर्शन पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया और लोग भी इस अनोखे अंदाज में किए गए प्रदर्शन की बात करते नजर आए।

