प्याज की कीमतों से परेशान किसानों का अनोखा विरोध: प्याज की अर्थी सजाकर निकाली अंतिम यात्रा, श्मशान में दी मुखाग्नि

मध्य प्रदेश के मंदसौर में प्याज के उचित दाम नहीं मिलने से किसानों की परेशानी कई दिनों से बढ़ती जा रही है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि किसानों ने अपने दर्द और गुस्से को दिखाने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया। मंदसौर के धमनार गांव में किसानों ने प्याज की अर्थी सजाई, बैंड-बाजों के साथ अंतिम यात्रा निकाली और श्मशान घाट पर जाकर प्याज की अर्थी को मुखाग्नि भी दी। अंतिम यात्रा के दौरान बैंड-बाजों पर ‘रघुपति राघव राजा राम’ बजाया गया और किसानों ने भगवान से प्याज का अच्छा भाव मिलने की प्रार्थना भी की। इसके बाद किसानों ने धुंधड़का तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

किसानों का कहना है कि पिछले वर्ष इन्हीं दिनों प्याज 25 से 30 रुपए प्रति किलो बिक रही थी, लेकिन इस बार मंडी में भाव सिर्फ 1 से 2 रुपए किलो ही मिल रहा है। स्थिति इतनी खराब है कि कई किसान मजबूर होकर अपनी प्याज की फसल पर रोटावेटर चला रहे हैं, ताकि नई फसल की बुवाई समय पर कर सकें। किसानों का दर्द साफ झलकता है — मेहनत महीनों की, और मिल रहा है दाम कुछ रुपयों का। यही वजह है कि इस अनोखे प्रदर्शन ने प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *