पेट्रोल डालकर लड़की को जिंदा जलाने का मामला, पिता-पुत्र को उम्रकैद की सजा

खंडवा। जिला न्यायालय ने एक सनसनीखेज मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए पिता और पुत्र दोनों को आजीवन कारावास की सजा दी है। दोनों पर आरोप था कि उन्होंने पड़ोस में रहने वाली एक लड़की को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। यह दर्दनाक घटना करीब एक साल पहले 12 अक्टूबर 2024 की बताई जा रही है।

मामला खंडवा जिले के नहल्दा गांव का है, जहां 12 अक्टूबर 2024 को परिजन लड़की को गंभीर रूप से जली हुई हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में इलाज के दौरान लड़की के बयान दर्ज किए गए, जिसमें उसने अर्जुन पिता मांगीलाल पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया था। जांच में सामने आया कि घटना से करीब पांच दिन पहले आरोपी अर्जुन के पिता मांगीलाल ने लड़की के साथ छेड़छाड़ की थी, जिसकी शिकायत लड़की ने पुलिस में दर्ज कराई थी। इसी मामले में मांगीलाल को जेल जाना पड़ा था।

जमानत मिलने के बाद मांगीलाल ने अपने बेटे अर्जुन को पूरी बात बताई। इसके बाद अर्जुन ने लड़की को धमकाया और कहा कि तेरी शिकायत के कारण मेरे पिता को जेल जाना पड़ा है। 12 अक्टूबर को अर्जुन ने लड़की के घर में घुसकर उस पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। परिजन तुरंत लड़की को अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही।

जिला न्यायाधीश ने इस मामले में अर्जुन को मुख्य आरोपी और पिता मांगीलाल को साजिश में सहआरोपी मानते हुए दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। फिलहाल पिता पहले से ही जेल में बंद था और अब अदालत के इस फैसले के बाद दोनों को उम्रकैद की सजा भुगतनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *