बेटे की प्रताड़ना से टूटा पिता, फांसी लगाकर दी जान: शराब के नशे में करता था मारपीट, आरोपी बेटा गिरफ्तार

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के फुनगा क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बेटे की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर एक पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे पुष्पेंद्र चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते के अनुसार मृतक शिव प्रसाद चौधरी और उनके बेटे पुष्पेंद्र चौधरी के बीच लंबे समय से संबंध ठीक नहीं थे। बताया जा रहा है कि पुष्पेंद्र शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में अक्सर अपने पिता से गाली-गलौज और मारपीट करता था। हालांकि पिता और बेटा अलग-अलग रहते थे, लेकिन इसके बावजूद वह आए दिन पिता के साथ विवाद करता रहता था।

जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले आरोपी पुष्पेंद्र मनेंद्रगढ़ से अपने परिवार के साथ गांव लौटा था, जहां वह मजदूरी करता था। उसकी पत्नी को पहले से ही आशंका थी कि त्योहारों के दौरान पिता और बेटे के बीच फिर विवाद हो सकता है, इसलिए उसने घर आने से मना किया था। लेकिन आरोपी ने उसकी बात नहीं मानी और उल्टा उसकी पिटाई कर दी और पूरे परिवार के साथ घर आ गया।

घर पहुंचने के बाद उसी शाम पुष्पेंद्र घर के बाहर डंडा लेकर अपने पिता का इंतजार करने लगा। रात में जब पिता घर पहुंचे तो दोनों के बीच विवाद हो गया और आरोपी बेटे ने उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान मां, बहन और छोटे भाई ने बीच-बचाव कर किसी तरह पिता को पड़ोसी के घर पहुंचाया।

लेकिन इस घटना से आहत होकर देर रात जब घर में सभी लोग सो गए, तब शिव प्रसाद चौधरी ने घर के बाहर एक पेड़ पर फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि बेटे की लगातार गाली-गलौज और मारपीट से परेशान होकर पिता ने यह कदम उठाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *