बेटे के सामने पिता की मौत, हार्ट अटैक के बाद मदद को तरसते रहे, समय पर नहीं पहुंची एम्बुलेंस

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक बेटे की आंखों के सामने उसके पिता ने दम तोड़ दिया। अचानक आए हार्ट अटैक ने सब कुछ बदल दिया। पिता सीने में तेज दर्द से तड़प रहे थे और बेटा लगातार मदद की गुहार लगा रहा था। उसने तुरंत 108 एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन आरोप है कि समय पर एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।

मृतक की पहचान 65 वर्षीय जगदीश विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो राजनगर थाना क्षेत्र के तालगांव के रहने वाले थे। वे अपने बेटे संतोष विश्वकर्मा के साथ छतरपुर आ रहे थे, तभी ग्राम बरकोहा के पास उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और सीने में असहनीय दर्द शुरू हो गया। हालात बिगड़ते देख बेटे ने एम्बुलेंस को फोन किया, लेकिन जब काफी देर तक कोई मदद नहीं पहुंची तो उसने हार नहीं मानी।

बेटा रास्ते से गुजर रहे एक लोडर वाहन की मदद से अपने पिता को जिला अस्पताल लेकर दौड़ा और पूरे रास्ते उन्हें सीपीआर देता रहा। वह बार-बार कहता रहा, पापा आंखें खोलिए, हिम्मत रखिए, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह घटना एक बार फिर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की समयबद्धता पर गंभीर सवाल खड़े करती है और एक बेटे की बेबसी की वो तस्वीर सामने लाती है जिसे शब्दों में बयां कर पाना आसान नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *