बेटे से रंजिश का बदला पिता से, लोहे के पाइप और डंडों से जानलेवा हमला कैमरे में कैद

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहां पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए बदमाशों ने बेटे की जगह उसके पिता को निशाना बना लिया और बीच सड़क पर लोहे के पाइप और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक चेरीताल निवासी राजाराम विश्वकर्मा पर गोलबाजार के पास घात लगाकर हमला किया गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कई बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और बेरहमी से पिटाई की। हमले में गंभीर रूप से घायल राजाराम को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है। अस्पताल कर्मी के बेटे से बदमाशों का पहले से विवाद चल रहा था। इससे पहले भी राजाराम विश्वकर्मा के घर पर देशी बम से हमला किया जा चुका है। इस मामले में शुभम जायसवाल, विक्की रजक, सनी रजक और महेंद्र पटेल पर आरोप लगाए गए हैं।

लार्डगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शहर में लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *