एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ही अपने बेटे का जल्लाद बन बैठा। आरोप है कि पिता ने अपने ही बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए पड़ोसियों के खिलाफ ही हत्या का मामला दर्ज करा दिया। लेकिन पुलिस की जांच में पूरा सच सामने आ गया और आरोपी पिता के साथ उसकी दूसरी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की जो वजह बताई, उसने सबको चौंका दिया।
यह पूरा मामला बछरावां थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा गांव का बताया जा रहा है। बीते 28 फरवरी को रोशनलाल नाम के युवक का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना के बाद रोशनलाल के पिता छेदीलाल थाने पहुंचे और पड़ोसियों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन जांच के दौरान कुछ ऐसे सुराग मिले जिन्होंने शक की सुई सीधे पिता की ओर घुमा दी।
इसके बाद पुलिस ने छेदीलाल और उसकी दूसरी पत्नी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि रोशनलाल अक्सर शराब के नशे में अपनी सौतेली मां से झगड़ा करता था और कई बार मारपीट भी करता था। इसी बात से तंग आकर दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले रोशनलाल का पड़ोसियों से झगड़ा भी हुआ था। इसी बात का फायदा उठाते हुए उन्होंने हत्या की योजना बनाई और बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी, ताकि शक पड़ोसियों पर जाए। लेकिन पुलिस की जांच में उनकी पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

