खेत बना ‘कुरुक्षेत्र’, भैंस निकालने के विवाद में बुजुर्ग की हत्या

पन्ना। मध्य प्रदेश के Panna जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खेत से भैंस निकालने जैसे मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुस्से के एक पल ने न सिर्फ एक हंसते-खेलते परिवार के मुखिया की जान ले ली, बल्कि दूसरे पक्ष के माथे पर हमेशा के लिए हत्या का आरोप भी लगा दिया।

यह पूरा मामला सिमरिया थाना क्षेत्र की हरदुआ चौकी का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक सोमवार को करीब 60 वर्षीय नोनेलाल पटेल अपने एक साथी के साथ भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान जानवर पास में मौजूद मगना अहिरवार के खेत की मेड़ की ओर चले गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गया। इसी बीच आरोपी देवेंद्र अहिरवार ने गुस्से में आकर बुजुर्ग नोनेलाल पटेल के सिर पर लकड़ी के भारी डंडे से जोरदार वार कर दिया।

वार इतना घातक था कि बुजुर्ग नोनेलाल पटेल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *