महिला से दुष्कर्म के आरोपी पार्षद पति पर FIR, देर रात पुलिस ने लिया हिरासत में, धमकी और गाली का वीडियो हुआ वायरल

सतना। जिले के रामपुर बघेलान से सत्ता के नशे में चूर भाजपा पार्षद पति पर महिला के साथ दुष्कर्म, प्रताड़ना और धमकाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोपी की दबंगई और धमकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वीडियो में आरोपी खुलेआम महिला को अपशब्द कहता और अपने राजनीतिक रसूख की धौंस जमाता नजर आ रहा है। पीड़िता की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने 22 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी अशोक सिंह, जो हनुमानगंज वार्ड के भाजपा पार्षद का पति है, पिछले छह महीनों से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। महिला का आरोप है कि आरोपी ने चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देता रहा। वह लगातार उसे अनैतिक संबंधों के लिए मजबूर करता था और विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां देता था।

मामले में रामपुर पुलिस ने आरोपी अशोक सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 74, 75(2), 79, 296(1) और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि कानून सबके लिए समान है और आरोपी के रसूख को दरकिनार कर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *