ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एडवोकेट मृत्युंजय चौहान सुसाइड केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सब इंस्पेक्टर और एक आरक्षक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। मृतक एडवोकेट ने 15 दिसंबर को फांसी लगाकर जान दे दी थी, जबकि उसकी शादी से महज 15 दिन बाकी थे। यह पूरी घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर की है।
जानकारी के अनुसार एडवोकेट मृत्युंजय चौहान का शव किराए के मकान में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। आत्महत्या से पहले मृतक ने सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ फोटो साझा करते हुए लिखा था कि प्रेम में मुक्ति नहीं, मृत्यु है। इस पोस्ट के बाद मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ सामने आया।
जांच में सामने आया कि मृतक का मुरैना में पदस्थ महिला सब इंस्पेक्टर प्रीति जादौन के साथ पिछले पांच साल से प्रेम संबंध था और दोनों की 30 दिसंबर 2025 को शादी तय थी। लेकिन इसी दौरान मृत्युंजय ने अपनी प्रेमिका को कमरे में एक आरक्षक अराफत खान के साथ रंगरलियां मनाते हुए देख लिया था, जिससे वह पूरी तरह टूट गया।
इस खुलासे के बाद गोला का मंदिर थाना पुलिस ने आरक्षक अराफत खान और महिला एसआई प्रीति जादौन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

