उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद ‘गोल्डमैन’ के नाम से मशहूर रोशन यादव के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में की है।
वायरल वीडियो में रोशन यादव काले रंग की महिंद्रा थार को खाक चौक चौराहे पर रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार में चलाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार वाहन चालक ने न केवल गलत दिशा में गाड़ी चलाई, बल्कि यातायात सुरक्षा के कई नियमों की अनदेखी भी की।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि वाहन में लगा हूटर तेज आवाज में बज रहा था। इसके अलावा गाड़ी में अवैध फिल्म लगी होने और चालक द्वारा सीट बेल्ट न पहनने की भी बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की लापरवाह और खतरनाक ड्राइविंग आम लोगों की जान को जोखिम में डाल सकती है।
मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है और जांच की जिम्मेदारी निरीक्षक गजेन्द्र पचौरिया को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस जांच पूरी होने तक ज्यादा टिप्पणी करने से बच रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए कानून को हाथ में न लें और यातायात नियमों का पालन करें। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

