नर्मदापुरम। पचमढ़ी में लकड़ियों के एक बड़े भंडार में लगी आग ने एक बार फिर से जोर पकड़ लिया। जानकारी के मुताबिक आग कल से ही जल रही थी और उसे बुझा दिया गया था, लेकिन पूरी तरह काबू न होने के कारण दोबारा भड़क उठी।
पचमढ़ी थाना प्रभारी पदम सिंह ने बताया कि जिस स्थान पर आग लगी है, वहां लकड़ियों का बड़ा स्टॉक रखा हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन अंदर ही अंदर सुलगती लकड़ियों की वजह से आग ने दोबारा लपटें पकड़ लीं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आसपास की किसी भी झोपड़पट्टी में आग नहीं लगी है और न ही रिहायशी इलाके को नुकसान पहुंचा है। आग केवल गोदाम तक सीमित है। फिलहाल मौके पर दमकल और पुलिस की टीम हालात पर नजर बनाए हुए है और आग को पूरी तरह बुझाने की कार्रवाई जारी है।

