रायबरेली. कड़ाके की ठंड से बचने के लिए आग तापना एक दंपती के लिए जानलेवा साबित हो गया। आग तापते समय महिला बुरी तरह झुलस गई और उसे बचाने के प्रयास में पति भी आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
यह घटना रायबरेली शहर के मिल एरिया थाना क्षेत्र के संदी नागिन इलाके की है, जहां चांदनी ठंड से बचने के लिए आग जला रही थी। आग जलाने में इस्तेमाल की गई पॉलिथीन अचानक धूं-धूं कर जल उठी और उसकी तेज लपटें सीधे चांदनी पर गिर पड़ीं। देखते ही देखते कपड़ों में आग लग गई और वह बुरी तरह झुलसने लगी।
शोर सुनकर पति रविंद्र दौड़कर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनका हाथ और शरीर का कुछ हिस्सा भी झुलस गया। चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने चांदनी की हालत गंभीर बताई है और प्राथमिक उपचार के बाद उसे बर्न वार्ड में भर्ती कर लिया गया है, जबकि पति का भी इलाज जारी है।

