छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने राज्य सरकार पर बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने सरकार के दावों को झूठा बताते हुए कहा कि बेरोजगारी को लेकर जो तस्वीर दिखाई जा रही है, वह हकीकत से कोसों दूर है और सरकार जनता को गुमराह कर रही है।
दो दिवसीय छिंदवाड़ा दौरे पर पहुंचे कमलनाथ ने हवाई पट्टी पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान बेरोजगारी को लेकर सरकार की नीति और दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार झूठ बोल रही है और जनता को मूर्ख समझ रही है। कमलनाथ ने दावा किया कि मध्य प्रदेश आज बेरोजगारी के मामले में देश में नंबर वन की स्थिति में है, इसके बावजूद सरकार कम आंकड़े दिखाकर अपनी पीठ थपथपा रही है।
पूर्व सीएम ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उस बयान का जिक्र करते हुए कहा, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि मध्य प्रदेश में बेरोजगारी की दर घटकर एक से डेढ़ प्रतिशत रह गई है, जबकि देश का औसत इससे कहीं ज्यादा है। कमलनाथ ने इस दावे पर दुख जताते हुए कहा कि जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है और प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है।

