इंदौर। शहर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बायपास पर रालामंडल के पास तेज रफ्तार नेक्सन कार पीछे से एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। इस हादसे में मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि प्रेरणा की कुछ ही समय बाद शादी होने वाली थी और परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन एक ही पल में सब कुछ मातम में बदल गया। हादसे में कार सवार दो युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती अनुष्का को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद कार में शव बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए कार को काटना पड़ा। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं ट्रक चालक हादसे के बाद ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि सभी लोग किसी पार्टी से लौट रहे थे। फिलहाल तेजाजी नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच के साथ फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।

