भोपाल। ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव के माहौल में मध्य प्रदेश कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी और लेखक नियाज खान एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए अरब देशों पर तीखा हमला बोला और कहा कि अरब सुन्नी मुस्लिम देश अमेरिका के साथ खड़े हैं, इसलिए ईरान उन पर आक्रामक रुख अपना रहा है।
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि जब अमेरिका ने इजराइल का साथ दिया तो कुछ अरब देशों ने उसका समर्थन किया और उनकी नजर में अरब देशों का इस्लाम से कोई वास्तविक संबंध नहीं रह गया है। नियाज खान का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान और इजराइल के बीच हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
इसी बीच खबर यह भी सामने आई कि अमेरिका और इजराइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु हो गई, जिसके बाद ईरान में 40 दिन के राजकीय शोक और सात दिनों की सार्वजनिक छुट्टियों की घोषणा की गई है।
नियाज खान मूल रूप से छत्तीसगढ़ के निवासी हैं और वर्ष 2015 में उन्हें आईएएस पद पर प्रमोट किया गया था, जिसके बाद उन्हें मध्य प्रदेश कैडर मिला। हाल ही में वे सेवानिवृत्त हुए हैं और सात उपन्यास लिख चुके हैं। उनके एक उपन्यास पर आधारित वेब सीरीज Aashram को लेकर भी वे सुर्खियों में रहे, जहां उन्होंने क्रेडिट न मिलने पर निर्माता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की थी। अपने बयानों और लेखन को लेकर वे अक्सर चर्चा में बने रहते हैं।

