देवास। चार शादियों के आरोपों में घिरे मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा है कि जीवन में उनसे गलतियां हो सकती हैं, लेकिन उन्होंने कभी बेइमानी नहीं की और पूरे मामले की सच्चाई वे सोमवार को भोपाल में सार्वजनिक करेंगे।
दीपक जोशी ने कहा कि मनुष्य के जीवन में यश और अपयश दोनों साथ चलते हैं और वे जिस परिवार से आते हैं, उसकी जिम्मेदारियां और ऊंचाइयां बहुत बड़ी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शादी से जुड़ा यह विषय कोई नया नहीं है, बल्कि साल 2006 से चला आ रहा है और इससे जुड़े कुछ मामले अदालत में भी विचाराधीन हैं। सोशल मीडिया के जरिए यह मुद्दा एक बार फिर सामने आया है, लेकिन उन्होंने दोहराया कि अगर उनसे कोई गलती हुई है तो उसका प्रायश्चित भी होना चाहिए, बेइमानी उन्होंने कभी नहीं की।
महिलाओं के साथ वायरल तस्वीरों को लेकर दीपक जोशी ने कहा कि इन संपर्कों, संबंधों और पूरे विषय पर वे सोमवार को विस्तार से अपनी बात रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह खुद को न दोषी कह सकते हैं और न ही सामने वाले को दोषी ठहरा सकते हैं। अगर कानून उन्हें दोषी मानता है तो वे सजा स्वीकार करेंगे और अगर निर्दोष पाए जाते हैं तो सच्चाई खुद सामने आ जाएगी।
पूर्व मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि सार्वजनिक जीवन में गलतियां नहीं होनी चाहिए, लेकिन अगर कहीं चूक होती है तो उसका सामना भी ईमानदारी से करना चाहिए। अब सबकी नजरें सोमवार पर टिकी हैं, जब भोपाल में दीपक जोशी इस पूरे विवाद पर अपनी पूरी सच्चाई सामने रखने वाले हैं।

