युद्ध के बीच दुबई में फंसे पूर्व विधायक और महाकाल मंदिर के पुजारी, सुरक्षित वापसी की लगाई गुहार

ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते युद्ध के चलते एयरस्पेस बंद होने का असर अब भारतीय यात्रियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मध्य प्रदेश के कई लोग दुबई में फंस गए हैं, जिनमें इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला और उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी विकास शर्मा शामिल हैं। दोनों ने वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार से सुरक्षित वापसी की अपील की है।

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण ईरान ने अपना एयर स्पेस बंद कर दिया है, जिसका सीधा असर इंदौर से शारजाह जाने वाली नियमित उड़ानों पर पड़ा है। इंदौर से शारजाह के लिए उड़ान रवाना तो हुई, लेकिन वापसी की फ्लाइट इंदौर नहीं पहुंच सकी। एयरस्पेस बंद रहने की स्थिति में फिलहाल उड़ानों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए प्रभावित हो गया है और हालात सामान्य होने के बाद ही सेवाएं बहाल हो सकेंगी।

दुबई में मौजूद पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर भारत सरकार और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से इंदौरवासियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है।

इसी बीच महाकाल मंदिर के पुजारी विकास शर्मा, जो ज्योतिष और सत्संग सम्मेलन में शामिल होने दुबई गए थे, वे भी फ्लाइट रद्द होने के कारण वहीं फंस गए हैं। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्हें युद्ध की वजह से फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना मिली और उन्हें होटल लौटना पड़ा। उज्जैन में उनके परिजन चिंतित हैं और प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं। दुबई से जारी वीडियो में विकास शर्मा ने बताया कि वे 22 फरवरी को दुबई पहुंचे थे और आयोजन में शामिल होने के बाद वापसी के लिए फ्लाइट में बैठे ही थे, तभी रद्द होने की सूचना मिली। अब सभी की निगाहें भारत सरकार के प्रयासों पर टिकी हैं, ताकि सुरक्षित और जल्द से जल्द स्वदेश वापसी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *