भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भगत सिंह कुशवाहा गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज़ बनाकर भवन हड़पने का आरोप

भोपाल। मध्यप्रदेश से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भगत सिंह कुशवाहा को धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी टीटी नगर थाना क्षेत्र में दर्ज उस केस के आधार पर हुई है, जिसमें उन पर फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर एक सामाजिक भवन पर कब्जा जमाने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, टीटी नगर के अंजलि कॉम्प्लेक्स में स्थित कुशवाहा भवन को हड़पने के लिए कूटरचित दस्तावेज़ तैयार किए गए थे। इन्हीं दस्तावेज़ों के दम पर पिछले 15 साल से वह इस भवन पर कब्जा कर ऑफिस और गर्ल्स हॉस्टल चला रहे थे। एसीपी अंकिता खातेकर ने बताया कि साल 2022 में इस धोखाधड़ी की शिकायत मिली थी, जिसके बाद दो साल तक जांच चलती रही और 2024 में FIR दर्ज की गई।

इस मामले में भगत सिंह कुशवाहा के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल भानपुर के बेटे सीताराम कुशवाहा और मोहन कुशवाहा को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि तीनों ने समाज को आवंटित इस भवन को निजी संपत्ति की तरह उपयोग किया और लंबे समय तक अवैध कब्जा बनाए रखा।

पुलिस अब इस पूरे प्रकरण में और भी दस्तावेज़ों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है, ताकि पूरे रैकेट का खुलासा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *