पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद के बयान पर MP में सियासी घमासान, कांग्रेस ने किया पलटवार तो मंत्री सारंग बोले राहुल ने कांग्रेस का शोरूम बंद किया

भोपाल। पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद के बयान को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। एक तरफ कांग्रेस ने इस बयान पर कड़ा विरोध जताया है, तो वहीं दूसरी ओर बीजेपी ने इसे लेकर तीखा पलटवार किया है और जुबानी जंग और तेज हो गई है।

दरअसल शकील अहमद ने राहुल गांधी को डरपोक बताते हुए कांग्रेस की मौजूदा हालत के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया था। इस बयान के बाद कांग्रेस में नाराजगी साफ नजर आई। कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने शकील अहमद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी जैसा बहादुर नेता कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी का जन्म देश की आजादी के समय हुआ होता, तो भारत पहले ही आजाद हो गया होता।

इस बयान पर बीजेपी ने भी तुरंत हमला बोला। मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने तंज कसते हुए कहा कि शकील अहमद ने बिल्कुल सही बात कही है, लेकिन हुजूर आते-आते बहुत देर कर दी। उन्होंने कहा कि वे तो पहले से ही कहते आ रहे हैं कि राहुल गांधी ने देश की राजनीति को नुकसान पहुंचाया है और कांग्रेस का पूरी तरह बंटाधार कर दिया है।

मंत्री सारंग ने आगे कहा कि कांग्रेस का शोरूम भी राहुल गांधी ने ही बंद किया है और अब पार्टी अपनी ही नीतियों और नेतृत्व की वजह से हाशिए पर चली गई है। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *