पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने महाकाल की भस्म आरती में लिया भाग, नंदी हॉल में साधना कर लिया आशीर्वाद

उज्जैन। जगदीप धनखड़ आज तड़के उज्जैन स्थित ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा महाकाल की प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन लाभ लिया। भस्म आरती के दौरान वे पूरी श्रद्धा के साथ उपस्थित रहे और बाद में नंदी हॉल में बैठकर ध्यान भी लगाया।

दर्शन के उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतवर्ष में एक बड़ा सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है, जो हमारी वर्षों पुरानी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मानसिकता को दर्शाता है।

मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का जिस तरह से रखरखाव और विकास किया जा रहा है, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने प्रशासन की सरलता, सुगमता और समर्पण भावना की भी तारीफ की और कहा कि यहां सभी श्रद्धालुओं के साथ समान व्यवहार किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि महाकाल की नगरी में आकर मन को एक अलग ही शांति का अनुभव होता है और यहां पहुंचकर अहंकार, ईर्ष्या, अहम और प्रतिशोध जैसी भावनाएं स्वतः समाप्त हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि वे यहां से एक स्वच्छ और सकारात्मक छवि लेकर लौट रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *