भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां 2025 की चार बड़ी भर्ती और पात्रता परीक्षाएं टाल दी गई हैं। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जारी शेड्यूल में इस साल की महत्वपूर्ण परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है, जिससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। उच्च माध्यमिक शिक्षा पात्रता परीक्षा, वनरक्षक और क्षेत्ररक्षक भर्ती, जेल पहरी परीक्षा, समूह-03 उपयंत्री परीक्षा और आईटीआई प्रशिक्षण अधिकारी भर्ती — ये सभी परीक्षाएं अब 2025 में नहीं होंगी। न तो किसी परीक्षा की रूल बुक जारी हुई है और न ही कोई ऑफिशियल नोटिफिकेशन सामने आया है। जानकारी के अनुसार, साल 2022 और 2024 में इन परीक्षाओं में लगभग 13 लाख आवेदन आए थे, लेकिन अब यह भी संशय बना हुआ है कि ये परीक्षाएं 2026 के शेड्यूल में शामिल होंगी या नहीं। फिलहाल अभ्यर्थियों के बीच निराशा और असमंजस का माहौल बना हुआ है।

