जादू-टोने का डर दिखाकर ठगी, ढोंगी बाबाओं ने परिवार को दहशत में डालकर ऐंठे 30 हजार रुपए

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जादू-टोने और अनिष्ट का डर दिखाकर ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हजीरा थाना क्षेत्र की राधा विहार कॉलोनी निवासी विवेक शर्मा के घर दो कथित बाबा पहुंचे और परिवार पर संकट व मौत का साया मंडराने की बात कहकर पूजा-पाठ के नाम पर 30 हजार रुपये ठगकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि दोनों बाबाओं ने पहले आटा मांगा और फिर आधी कटोरी आटा लेकर बातों का सिलसिला शुरू किया। उन्होंने विवेक को उसके परिवार के सदस्यों के नाम और निजी जानकारी बताकर भरोसा जीतने की कोशिश की और कहा कि कुछ लोग उनका बुरा चाहते हैं, उनकी संपत्ति पर नजर है और परिवार पर बड़ा अनिष्ट आने वाला है। जब परिवार घबराने लगा तो बाबाओं ने घर के अंदर बैठकर पूजा कराने की बात कही।

एक बाबा अंदर जाकर आंखें बंद कर मंत्र पढ़ने लगा और दावा किया कि विवेक की दादी की आत्मा कह रही है कि “मेरे नाती को बचा लो।” इसके बाद उन्होंने रंगपंचमी तक बड़े अनिष्ट, बुजुर्गों पर खतरे और बेटे के साथ बुरा होने जैसी बातें कहकर पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया। जब विवेक पूरी तरह उनके प्रभाव में आ गया तो बाबाओं ने सात दिन तक विशेष पूजा कराने की बात कही और प्रतिदिन चार हजार रुपये खर्च बताकर कुल 30 हजार रुपये ले लिए।

पैसे लेने के बाद दोनों बाबा मौके से फरार हो गए और फिर लौटकर नहीं आए। जब ठगी का एहसास हुआ तो परिवार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *