उत्तर प्रदेश के चकिया कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोमवार देर रात एक पति ने अपनी ही पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
बताया जा रहा है कि 25 वर्षीय सनी उर्फ शनि मौर्य और 22 वर्षीय बबली एक ही इंटर कॉलेज में साथ पढ़ते थे। पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच प्यार हुआ और करीब ढाई साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों भीखम्मपुर गांव में परिवार से अलग रहकर जीवन बिता रहे थे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन समय बीतने के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे।
सोमवार देर रात पति-पत्नी के बीच हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर सनी ने बबली का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार सुबह जब घटना की जानकारी परिजनों को लगी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ चकिया रघुराज के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला गला दबाकर हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी पति से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक प्रेम कहानी का इस तरह खौफनाक अंत पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का कारण बना हुआ है।

