Bhopal से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक गैंगस्टर को उसकी शादी के मंडप से ही गिरफ्तार कर लिया। दूल्हे की गिरफ्तारी के बाद दुल्हन सीधे थाने पहुंच गई और पुलिस से गुहार लगाने लगी कि उसके होने वाले पति को थोड़ी देर के लिए छोड़ दिया जाए या फिर पुलिस हिरासत में ही शादी के फेरे करवा दिए जाएं।
बताया जा रहा है कि गैंगस्टर आकाश उर्फ भूरा हड्डी की शादी सीमा नाम की युवती से होने वाली थी। बुधवार दोपहर शादी की रस्में चल रही थीं और मंडप सज चुका था, तभी पुलिस अचानक मौके पर पहुंच गई और दूल्हे को वहीं से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आकाश के साथ उसके कुछ साथियों को भी पकड़ लिया।
जांच में सामने आया है कि आकाश और उसके साथियों पर एक पुजारी का अपहरण कर उससे पैसे वसूलने का आरोप है। आरोपियों ने मिलकर पुजारी को अगवा किया था और उससे कुल आठ लाख रुपये की मांग की थी। पहली किश्त के रूप में पचास हजार रुपये मिलने के बाद ही उसे छोड़ा गया था, जबकि बाकी रकम किश्तों में देने का दबाव बनाया जा रहा था।
पीड़ित युवक के मुताबिक उसे बहाने से एक कमरे पर बुलाया गया था और वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उस पर एक युवती के साथ गलत हरकत करने का आरोप लगाकर उसे डराया गया और कहा गया कि अगर बचना है तो आठ लाख रुपये देने होंगे। इसके बाद उसे जबरन दूसरे स्थान पर ले जाकर बंधक बनाया गया और बुरी तरह पीटा गया।
आरोपियों ने युवक से उसके भाई को फोन करवाकर पचास हजार रुपये ऑनलाइन मंगवा लिए और बाकी साढ़े सात लाख रुपये पांच किस्तों में देने की धमकी दी। पैसे नहीं देने पर युवती से झूठा मामला दर्ज कराने की धमकी भी दी गई। बाद में पीड़ित युवक ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश और उसके पांच साथियों को गिरफ्तार कर लिया।
दूल्हे की गिरफ्तारी के बाद दुल्हन थाने पहुंच गई और पुलिस से बार-बार गुहार लगाती रही कि उसकी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी। उसने कहा कि उसे अपने होने वाले पति के अपराध के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी हैं, घर में मेहमान भी मौजूद हैं।
हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कानून का हवाला देते हुए उसकी मांग ठुकरा दी और साफ कह दिया कि गिरफ्तारी के बाद किसी भी हालत में शादी की अनुमति नहीं दी जा सकती। इस घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

