ग्वालियर। ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र में रास्ते से गाड़ी निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक हमले में बदल गया। मॉडल टाउन निवासी और ब्यूटी पार्लर संचालक अनु शर्मा जब अपनी थार कार से घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में सीढ़ी रखे होने पर उन्होंने उसे हटाने को कहा। आरोप है कि इसी बात पर बंटी यादव ने गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश की। अनु किसी तरह कार निकालकर घर पहुंचीं, लेकिन कुछ ही देर बाद बंटी यादव अपने बेटों और साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने घर के बाहर मौजूद मेहमानों के साथ मारपीट की, अनु शर्मा और उनकी बेटियों को बाहर खींचने की कोशिश की और बाहर खड़ी थार कार में जमकर तोड़फोड़ की। दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई, जिसका वीडियो घर में मौजूद लोगों ने बना लिया और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जब वे घर पर नहीं मिले तो हुरावली स्थित पुश्तैनी मकान पर दबिश दी गई। वहां मुख्य आरोपी के भाई मनीष यादव और बहन सपना यादव मिले। तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिनमें कई राइफलें, पिस्टल, कट्टा और दर्जनों कारतूस शामिल हैं। अवैध हथियार मिलने पर पुलिस भी हैरान रह गई और भाई-बहन को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी बंटी यादव और उसके बेटे कथित तौर पर लोगों को डराने-धमकाने और अवैध वसूली के लिए इन हथियारों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग के आरोप में एक मामला दर्ज किया है, जबकि अवैध हथियार रखने के संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत दूसरी एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल मुख्य आरोपी बंटी यादव और उसके दोनों बेटे फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद अवैध हथियारों के नेटवर्क को लेकर और पूछताछ की जाएगी।

