विरासत से विकास की ओर बढ़ता गंजबासौदा: 150 बिस्तरीय अस्पताल का लोकार्पण, त्योंदा में नया कॉलेज और ग्यारसपुर को नगर पंचायत का दर्जा

भोपाल। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले का गंजबासौदा आज एक नए विकास अध्याय का साक्षी बना, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह जिला हमेशा राष्ट्रवादी विचारधारा का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। राजमाता सिंधिया, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज जैसे महान नेताओं की कर्मभूमि होने के कारण यह क्षेत्र ऐतिहासिक विरासत रखता है, और आज यही विरासत तेज़ी से विकास की दिशा में कदम बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम कर रही है, ठीक उसी भावना के साथ जिसमें सनातन संस्कृति “सर्वेभवन्तु सुखिनः” का संदेश देती है। उन्होंने साफ कहा कि समाज की आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है।

गंजबासौदा में आयोजित विशाल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित सिविल अस्पताल के 150 बिस्तरीय भवन का लोकार्पण किया और कहा कि किसानों और महिलाओं के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएँ तेज़ी से लागू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि नदी जोड़ो परियोजना के तहत सिंचाई का विस्तार किया जा रहा है। भावांतर योजना से सोयाबीन का वाजिब मूल्य किसानों तक पहुँच रहा है, और इस साल गेहूं की खरीदी 2600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। महिलाओं के लिए लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपये महीना कर दी गई है, और उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं को 5 हजार रुपये प्रतिमाह देने के लिए नारी सशक्तिकरण योजना लागू की जा रही है। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज बासौदा को एक साथ 150 करोड़ रुपये के 54 विकास कार्यों की सौगात दी गई, जिसमें 32 करोड़ 42 लाख से तैयार हुआ नया सिविल अस्पताल, जमांधर नदी पर बना 4 करोड़ का ब्रिज, सड़कों, ट्रांसफॉर्मर, नल-जल योजनाएँ, जेल बैरक और उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा 85 करोड़ 84 लाख की लागत के 28 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया।

कार्यक्रम में शामिल केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी और केंद्र व राज्य मिलकर प्रदेश को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाएंगे। उन्होंने कहा कि कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई और सड़क विकास के साथ रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदिशा और बासौदा से उनका पुराना आत्मीय संबंध है और यहां के विकास के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कृषि को उद्यानिकी और पशुपालन से जोड़कर एक नए कृषि-औद्योगिक चमत्कार की बात कही। स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने और नशा मुक्ति अभियान में सहयोग का भी आह्वान किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री का बासौदा नगर में भव्य रोड शो हुआ, जहां नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर उनका जबरदस्त स्वागत किया। ढोल-ढमाकों, नृत्य प्रस्तुतियों और उत्साह से भरे लोगों से पूरा शहर गूंज उठा। दोनों नेताओं ने रथ पर सवार होकर धर्मकांटा से शासकीय एसजीएस कॉलेज तक यात्रा की और लोगों के प्रेम व स्नेह का अभिवादन किया। स्वागत में स्मृति चिह्न, त्रिशूल, गदा, तलवार और बाबा महाकाल की तस्वीरें भेंट की गईं।

अंत में, बासौदा के विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया, जिनमें जैन समाज, राजपूत समाज, जाट समाज, दांगी समाज, रघुवंशी समाज, कुर्मी समाज, साहू समाज, शिक्षक संघ, कर्मचारी संघ, पेंशनर संगठन, पत्थर व्यापार संघ, सरपंच संघ सहित कई संगठनों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *