नीमच में GBS का कहर, दो बच्चों की मौत से हड़कंप, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में

नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले के मनासा कस्बे में गुलियन बैरी सिंड्रोम यानी GBS का प्रकोप लगातार गंभीर होता जा रहा है। अब तक दो मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि कुल 15 लोग इसकी चपेट में बताए जा रहे हैं। इनमें से 6 मरीजों में GBS की पुष्टि हो चुकी है और बाकी संदिग्ध मरीजों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट पर है और मनासा के सभी 15 वार्डों में लगातार निगरानी और जांच का काम चल रहा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला शनिवार को खुद मनासा पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की और साफ निर्देश दिए कि घर-घर सर्वे और स्क्रीनिंग में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डिप्टी सीएम ने वार्ड नंबर 15 में मृतक बच्चे सोनू के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और मौके पर चल रहे स्क्रीनिंग कार्य का निरीक्षण भी किया।

भोपाल और उज्जैन से पहुंची विशेषज्ञों की टीमें लगातार जांच, सैंपल कलेक्शन और मरीजों की निगरानी में जुटी हुई हैं। सीएमएचओ डॉ. आर के खाघौत के मुताबिक अब तक 6 मरीजों में GBS की पुष्टि हो चुकी है, 9 अन्य संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है और अब तक इस बीमारी से दो बच्चों की मौत हो चुकी है। हालात को काबू में करने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हर स्तर पर सतर्क नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *