गीजर बना मौत का कारण? बाथरूम में गैस लीक, दम घुटने से टीचर की दर्दनाक मौत

अमरोहा. हसनपुर क्षेत्र में गीजर से गैस लीक होने के कारण एक शिक्षिका की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शिक्षिका नहाने के लिए बाथरूम गई थीं, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आईं। जब परिजनों को शक हुआ तो उन्होंने दरवाजा तुड़वाया और अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए, बाथरूम में शिक्षिका बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ी हुई थीं।

परिजन और पड़ोसी तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह घटना हसनपुर की राजपूत कॉलोनी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार देहरा गांव निवासी शिवांशी अपनी मां बबीता और चाची के साथ रहती थीं। शुक्रवार सुबह शिवांशी बाथरूम में नहाने गई थीं, लेकिन लंबे समय तक बाहर न आने पर परिजन परेशान हो गए। दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो वह बेसुध पड़ी मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि बाथरूम में खिड़की या वेंटिलेशन न होने की वजह से गीजर से गैस भर गई और दम घुटने से उनकी जान चली गई।

गौरतलब है कि इससे पहले पीलीभीत से भी इसी तरह का मामला सामने आ चुका है, जहां गैस गीजर से रिसाव के चलते एक सरकारी कर्मचारी और उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। बताया गया था कि पत्नी का हाथ टूटा होने के कारण पति उन्हें बाथरूम में नहला रहे थे, तभी गीजर से गैस लीक हो गई और दोनों का दम घुट गया। मृतकों की पहचान हरजिंदर सिंह, उम्र 42 वर्ष और उनकी पत्नी रेनू सक्सेना, उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई थी। हरजिंदर जिला ग्राम विकास अभिकरण में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे और दंपती पीलीभीत के गुरुकुलपुरम मोहल्ले में किराए के मकान में रहते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *