बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में कानून की पढ़ाई कर रहे छात्र आयुष यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक आयुष ने 15 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे आत्मदाह का प्रयास किया था, जब उसने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे पहले सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। हालत लगातार बिगड़ने पर परिजन उसे वाराणसी स्थित बीएचयू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
घटना के समय विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी। बताया जा रहा है कि आत्मदाह की कोशिश से पहले आयुष ने एक वीडियो भी बनाया था। इसके बाद वह अपने कमरे से बाहर आया और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। मौके पर मौजूद छात्रों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।
उत्तर प्रदेश का रहने वाला आयुष यादव वर्तमान में बिलासपुर के एक निजी हॉस्टल में रहकर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में लॉ की पढ़ाई कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद वे बिलासपुर पहुंचे और इलाज के लिए उसे उत्तर प्रदेश ले गए थे।
छात्र की मौत की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल आत्मदाह की कोशिश के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

