एमपी पुलिस की अच्छी पहल सीधी भारत का पहला जिला जहां के थानों में साइन लैंग्वेज आधारित क्यूआर कोड सिस्टम स्थापित मूक बधिर अपनी बात प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे

 सीधी। मूक बधिर नागरिकों को न्याय और सुविधाजनक संवाद दिलाने की दिशा में सीधी जिले की पुलिस ने एक ऐतिहासिक पहल की है और सीधी अब भारत का पहला जिला बन गया है जहां सभी थानों और पुलिस चौकियों में साइन लैंग्वेज आधारित क्यूआर कोड सिस्टम स्थापित किया जा रहा है।

इस नई व्यवस्था के जरिए मूक बधिर व्यक्ति बिना किसी डर या झिझक के सीधे अपनी शिकायत और समस्या प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे जिससे उन्हें थाने में संवाद को लेकर होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

जब कोई मूक बधिर व्यक्ति थाने में लगे क्यूआर कोड को स्कैन करेगा तो वह सीधे बेंगलुरु स्थित साइन लैंग्वेज कंपनी के कॉल सेंटर से वीडियो कॉल के माध्यम से जुड़ जाएगा जहां मौजूद प्रशिक्षित वालंटियर उसकी साइन लैंग्वेज को समझकर तुरंत पुलिस स्टाफ को उसकी बात सामान्य भाषा में समझाएंगे।

इस तकनीक को मध्य प्रदेश में लागू करने के लिए कंपनी और एमपी शासन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं जिसके तहत तकनीकी सहयोग कॉल सेंटर सपोर्ट सॉफ्टवेयर और साइन लैंग्वेज अनुवाद की पूरी व्यवस्था कंपनी द्वारा की जा रही है।

इस पहल को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए आनंद सर्विस सोसायटी मूक बधिर संस्था इंदौर के सचिव ज्ञानेंद्र पुरोहित के नेतृत्व में सीधी पुलिस अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया जिसमें पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी एसडीओपी और सभी थानों व चौकियों के प्रभारी शामिल रहे और अधिकारियों ने इसे समावेशी पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *