इंदौर चिड़ियाघर में खुशखबरी, 14 साल की शेरनी मेघा ने तीन शावकों को दिया जन्म

इंदौर। Indore के चिड़ियाघर से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां शेरों के परिवार में तीन नए नन्हे मेहमानों का जन्म हुआ है। 14 साल की शेरनी मेघा ने तीन स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है, जिसके बाद चिड़ियाघर में शेरों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

जानकारी के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले शेरनी मेघा ने इन तीनों शावकों को जन्म दिया था। इस बात की जानकारी तब सामने आई जब गुरुवार को ये नटखट शावक पहली बार अपने एकांत स्थान से बाहर निकलकर खुले बाड़े में दिखाई दिए। उन्हें देखकर चिड़ियाघर का स्टाफ भी काफी उत्साहित नजर आया।

चिड़ियाघर के प्रभारी डॉक्टर उत्तम यादव के मुताबिक इन शावकों के पिता 17 साल के शेर आकाश हैं। शेरों का यह सफल प्रजनन चिड़ियाघर के संरक्षण प्रयासों के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार आमतौर पर शेरों की औसत उम्र 18 से 20 साल के आसपास होती है। फिलहाल माता-पिता और तीनों शावक पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं और चिड़ियाघर प्रशासन लगातार उनकी निगरानी कर रहा है ताकि उनका विकास सुरक्षित तरीके से हो सके।

नए शावकों के जन्म के बाद चिड़ियाघर में बड़े वन्य जीवों की संख्या भी बढ़ गई है। वर्तमान में यहां 13 शेर, 10 बाघ और 4 तेंदुए मौजूद हैं। वहीं चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में कुछ अन्य जानवरों के भी बच्चों को जन्म देने की संभावना है, जिससे वन्यजीव संरक्षण को और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *