कूनो में फिर गूंजी खुशखबरी: दूसरी बार मां बनी चीता ‘गामिनी’, तीन शावकों के जन्म से बढ़ा कुनबा

भोपाल। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर वन्यजीव प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता ‘गामिनी’ ने तीन शावकों को जन्म दिया है, जिससे कूनो में चीतों की संख्या में इजाफा हुआ है। यह ‘गामिनी’ का दूसरा सफल प्रसव है और प्रोजेक्ट चीता के लिए इसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि मध्यप्रदेश चीतों के पुनर्स्थापन का सशक्त केंद्र बन चुका है और ‘गामिनी’ द्वारा तीन शावकों को जन्म देना अत्यंत हर्ष का विषय है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क में चीतों के आगमन के तीन वर्ष पूर्ण होने के साथ यह नौवां सफल प्रसव है। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 38 हो गई है। कूनो में इन तीन नए शावकों के जन्म के बाद भारत में जन्मे जीवित शावकों की संख्या 27 तक पहुंच गई है। वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन की दिशा में इसे एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *