भोपाल। मध्यप्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी और खुश करने वाली खबर सामने आई है। आगामी सिंहस्थ को देखते हुए प्रदेश में 5 हजार होमगार्ड की भर्ती की जाएगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित होमगार्ड स्थापना दिवस के समारोह में की, जहां उन्होंने परेड की सलामी भी ली।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएँ कीं। उन्होंने बताया कि बैगा, सहरिया और भारिया बटालियन का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री अदम्य साहस पुरस्कार शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि 10 टीमों को 51-51 हजार रुपए का सम्मान मिलेगा और यह पुरस्कार हर साल दिया जाएगा। इसके साथ ही अनुकंपा अनुदान राशि बढ़ाने का निर्णय भी किया गया।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हर देवालय में होमगार्ड प्रार्थना दी जाएगी और जवानों के लिए स्थायी आवास की व्यवस्था का प्रयास सरकार कर रही है। दो महीने के सेवा बाध्यकाल को भी समाप्त करने की घोषणा उन्होंने इसी मंच से की।
मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स के योगदान को सलाम करते हुए कहा कि वे न पुलिस से कम हैं न उनसे अलग। जहां जरूरत पड़ती है, होमगार्ड हमेशा मौजूद रहते हैं। पिछले साल उन्होंने जलदूतों की तरह सेवा करते हुए 5 हजार से ज्यादा लोगों की जान बचाई है।

