गूगल मैप की गलती, सेठानी घाट की सीढ़ियों पर उतर गई थार

 नर्मदापुरम। नर्मदापुरम के प्रसिद्ध सेठानी घाट पर मकर संक्रांति की देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक थार गाड़ी घाट की सीढ़ियों से नीचे उतर गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक थार वाहन सीढ़ियों से नीचे तक पहुंच गई थी, लेकिन समय रहते चालक ने ब्रेक लगा दिए, जिससे गाड़ी आगे नहीं बढ़ सकी और श्रद्धालुओं की जान बाल-बाल बच गई। पुलिस ने करीब 18 घंटे बाद वाहन और उसके चालक को तलाश कर कोतवाली थाने पहुंचाया और मामले की जांच शुरू की।

पूछताछ में थार मालिक सोनू गुर्जर ने पुलिस को बताया कि उन्हें आवली घाट पर भंडारे में जाना था। रास्ता ढूंढने के लिए उन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया, लेकिन गलती से वे सेठानी घाट पहुंच गए। मैप में नीचे जाने का रास्ता दिखने पर गाड़ी सीढ़ियों पर उतर गई और अचानक खतरे का एहसास होते ही चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दी।

चालक के अनुसार इस पूरी घटना को किसी राहगीर ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन की पहचान की।

कोतवाली थाना प्रभारी टीआई कंचन सिंह ठाकुर ने बताया कि थार में सवार सभी लोगों को थाने लाया गया था। वाहन मालिक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित माफीनामा दिया, जिसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर समझाइश दी।

यह घटना ऐसे समय हुई जब मकर संक्रांति के चलते सेठानी घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है और नर्मदा परिक्रमा करने वाले यात्री बड़ी संख्या में मौजूद होते हैं। अगर उस वक्त गाड़ी नियंत्रण से बाहर हो जाती, तो एक बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *