न्यू ईयर 2026 पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री की शुभकामनाएं, प्रदेशवासियों से संकल्प और सहभागिता की अपील

New Year 2026: नए साल 2026 के स्वागत को लेकर मध्य प्रदेश में उत्साह और जश्न का माहौल है। राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंग्रेजी नववर्ष के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने नए वर्ष को नए संकल्पों, नई ऊर्जा और नए अवसरों का प्रतीक बताया है, वहीं मुख्यमंत्री ने कामना की है कि यह नववर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और सकारात्मक बदलाव लेकर आए।

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने नववर्ष 2026 के अवसर पर अपने संदेश में कहा कि यह समय बीते अनुभवों से सीख लेकर मध्य प्रदेश को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लेने का है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है, जिसमें किसान, युवा, महिलाएं और वंचित वर्ग सरकार की नीतियों के केंद्र में हैं।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और निवेश के क्षेत्र में संतुलित विकास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि को लाभकारी बनाना, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना तथा मातृशक्ति को सशक्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यटन संभावनाओं को गौरव का आधार बताते हुए पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास पर विशेष जोर दिया।

राज्यपाल पटेल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता, जल संरक्षण और संवैधानिक मूल्यों को अपनाते हुए विकास की इस यात्रा में सहभागी बनें और नववर्ष 2026 में एक आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लें।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि अंग्रेजी नववर्ष 2026 सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और नवीन संकल्पों की ऊर्जा लेकर आए, यही उनकी मंगलकामना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *