भोपाल में राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने फहराया तिरंगा, परेड की सलामी लेकर संविधान निर्माताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

भोपाल। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर गणतंत्र दिवस समारोह का शुभारंभ किया। राज्यपाल ने झंडा वंदन के बाद परेड की सलामी ली, जिसमें 23 प्लाटून, अश्वरोही दल, शौर्य दल और डॉग स्क्वॉड शामिल रहे।

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने प्रदेश और देशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमारे संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, संविधान सभा के सभी सदस्यों और अमर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान से ही हमें स्वतंत्रता और संविधान प्राप्त हुआ।

राज्यपाल ने कहा कि मध्यप्रदेश को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली होने का गौरव प्राप्त है और सामाजिक न्याय, समता व बंधुत्व के उनके विचार आज भी हमारे मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और सम्मानित राष्ट्र के रूप में स्थापित हो रहा है, जहां गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी को विकास के केंद्र में रखकर देश को आगे बढ़ाया जा रहा है।

राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने बताया कि मध्यप्रदेश में वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है और इसकी तैयारियां पहले से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों का बजट वर्ष 2002-03 के 600 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 27 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। “समृद्ध किसान-समृद्ध प्रदेश” के लक्ष्य के तहत तकनीक हस्तांतरण, आय वृद्धि, प्राकृतिक खेती, बाजार और निर्यात, नवाचार तथा डिजिटल पारदर्शिता जैसे बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं, जो जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों में लागू होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *